सीएम ने किया पंडित मुस्तफा आरिफ रचित ‘गीता-भारती’ का लोकार्पण, भगवद गीता के 700 श्लोकों का 786 हिंदी मुक्तकों में काव्यात्मक रूपांतरण

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित अपने निवास समत्व पर वरिष्ठ पत्रकार एवं आध्यात्मिक रचनाकार पंडित मुस्तफ़ा आरिफ की भगवद गीता से प्रेरित पुस्तक ‘गीता-भारती’ का लोकार्पण किया। पंडित मुस्तफा आरिफ ने इस पुस्तक में भगवद गीता के 700 श्लोकों का 786 हिंदी मुक्तकों में सुगम और काव्यात्मक रूपांतरण किया है।
​पंडित मुस्तफा आरिफ ने बताया कि इन संपूर्ण 786 मुक्तकों को संगीत निर्देशक विवेक प्रकाश के निर्देशन में 131 एपिसोड में तैयार किया जा रहा है, जिन्हें सुप्रसिद्ध गायक पद्मश्री अनूप जलोटा अपने मधुर स्वर दे रहे हैं।
​लोकार्पण के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस कार्य की सराहना करते हुए इसे भगवद गीता के ज्ञान को सरल भाषा में जन-जन तक पहुंचाने का एक अहम और पवित्र अनुष्ठान बताया। डॉ. यादव ने पुस्तक के प्रचार-प्रसार में हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए पंडित मुस्तफा आरिफ का आत्मीय अभिनंदन किया।
​इस अद्भुत आध्यात्मिक उपलब्धि पर भारतीय जनता पार्टी के सह-मीडिया प्रभारी राकेश पंड्या ने पंडित मुस्तफ़ा आरिफ को बधाई दी। श्री पंड्या ने कहा कि भगवान सांदीपनि की नगरी और भगवान श्रीकृष्ण व बलराम की शिक्षा स्थली उज्जयिनी के लिए यह निश्चित रूप से एक पुनीत अनुष्ठान है। उन्होंने कहा कि पंडित मुस्तफा आरिफ पर परमात्मा की विशेष कृपा है। श्री पंड्या ने समस्त उज्जैनवासियों की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई और मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *