उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) महाकाल मंदिर से बाबा बाल विजय मस्त हनुमान झांकियों के कारवाँ के साथ नगर भ्रमण पर निकले। महाकालेश्वर प्रांगण स्थित बाबा बाल विजय मस्त हनुमान मंदिर से गुरुवार शाम 7 बजे बाबा कि रजत प्रतिमा को पालकी में विराजमान कर नयनाभिराम झांकियों के साथ चल समारोह निकला गया। पूरा जुलूस मार्ग पर भक्तों ने पालकी आरती एवं पुष्प वर्षा कर जुलूस का स्वागत किया।
जुलूस का मुस्लिम इलाकों कोट मोहल्ला, तोपखाना क्षेत्र में जमकर स्वागत हुआ। जुलूस मार्ग पर मंदिर के मुख्य पुजारी पं. सुलभ शांतु गुरु का विभिन्न संस्थाओं ने सम्मान किया। जुलूस में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, मध्य प्रदेश कुश्ती संघ के प्रदेश अध्यक्ष नारायण यादव, भाजपा नेता जयसिंह दरबार, जगदीश पांचाल, जगदीश अग्रवाल, प्रहलाद डाढ़, राजेश सिंह भदौरिया, डॉ. राहुल कटारिया, अंजनेश शर्मा अतुलित शर्मा, योगेश शर्मा, मनोहर बैरागी सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।
हनुमान प्रकटोत्सव पर मंगला आरती हुई, जिसमें बाल हनुमान को बालभोग में चने चिरौंजी, दूध पान ऋतु फल एवं बेसन से बनी एक क्विंटल नुक्ति का महाभोग लगाया गया था। चल समारोह में हनुमानजी की 15 फीट की प्रतिमा पांच घोड़े के रथ पर सवार दर्शन देती हुई दिखाई दी। दूसरी झांकी में सीताजी द्वारा स्वर्ण मृग को दिखाना और फिर रामजी का स्वर्ण मृग के पीछे दौड़ना और उसे मारने के दृश्य दिखाए गए। तीसरी झांकी में बाल हनुमानजी की हुबहू बाल विग्रह जोधपुरी पोशाक में दर्शन दे रहे थे।
