उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) शुक्रवार को श्री राम महल दरबार, खाटू श्याम जी मंदिर में परम पूज्य बाबा साहब अंजनी सखी गुरूजी के सान्निध्य में निशान यात्रा एवं फाग महोत्सव मेला भव्य रूप से संपन्न हुआ। हजारों श्याम प्रेमी भक्तों ने सपरिवार भाग लिया और फूलों की होली, 56 भोग प्रसादी, मधुर भजन संध्या और भोजन प्रसादी का आनंद लिया।
दोपहर 3 बजे पिपली नाका चौराहे से शुरू हुई निशान यात्रा भव्यता के साथ श्री राम महल दरबार तक पहुंची। हजारों की संख्या में शामिल श्याम प्रेमियों ने निशान लहराते हुए, भजन-कीर्तन करते हुए यात्रा पूरी की। मार्ग में कई स्थानों पर मंच लगाकर बाबा साहब अंजनी सखी गुरूजी और भक्तों का जोरदार स्वागत किया गया।
यात्रा के समापन के बाद फाग महोत्सव मेला प्रारंभ हुआ। खाटू श्याम बाबा को फूलों की होली खेली गई, दिव्य ज्योत श्रृंगार दर्शन हुए, 56 भोग प्रसादी अर्पित की गई और शाम को मधुर भजन संध्या के बाद सभी भक्तों को भोजन प्रसादी का लाभ मिला। पूरा मंदिर परिसर भक्ति, उत्साह और रंगों से सराबोर रहा।
आयोजकों ने बताया कि यह पावन आयोजन न केवल होली के रंगों को धार्मिक भावना से जोड़ता है, बल्कि श्याम प्रेमियों के बीच भक्ति, एकता और प्रेम का संदेश भी देता है।
