उज्जैन |(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) पुलिस लाइन के अश्वरोही दल का गौरव, समर्पित एवं सेवाभावी अश्व “नोटिबोय” (उम्र 30 वर्ष 9 माह 5 दिन) का आज निधन हो गया। नोटिबोय ने अपने दीर्घ सेवाकाल में राष्ट्रीय एवं ऑल इंडिया हॉर्स जंपिंग प्रतियोगिताओं में अनेक मेडल तथा गोल्ड मेडल प्राप्त कर पुलिस विभाग और उज्जैन का नाम गौरवान्वित किया था। उनकी निष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण वे पुलिस बल के सबसे विश्वसनीय एवं कुशल अश्वों में से एक रहे। उनकी सेवाओं को सदैव सम्मान और कृतज्ञता के साथ स्मरण किया जाएगा।
नोटिबोय के निधन की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक उज्जैन पुलिस लाइन पहुँचे और उन्होंने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात अश्वरोही दल द्वारा नोटिबोय को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया, जिसमें दल के सभी सदस्यों एवं पुलिस स्टाफ ने श्रद्धा के साथ भाग लिया। उज्जैन पुलिस विभाग उनके अतुलनीय योगदान को सदैव कृतज्ञता के साथ स्मरण करेगा।
