नई दिल्ली।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) जम्मू कश्मीर में भूकंप की खबर सामने आई है। यहां भूकंप के झटकों से धरती हिल गई। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा क्षेत्र था। वहीं राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, अफगानिस्तान में 5.8 तीव्रता का भूकंप आया। बताया जा रहा है कि इस भूकंप से हिमालय क्षेत्र के विभिन्न भागों में लगभग 04:19 बजे हल्के झटके महसूस किए गए।
पिछले 24 घंटों में इस क्षेत्र में आया यह दूसरा भूकंप है। हालांकि किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र 209 किलोमीटर की गहराई पर स्थित रहा। जिसका निर्देशांक 71.32 डिग्री पूर्वी देशांतर और 36.62 डिग्री उत्तरी अक्षांश था। इस वजह से भूकंप के झटके जम्मू-कश्मीर में भी महसूस किए गए। भूकंप के कारण अलर्ट जारी किया गया है।
बता दें कि 26 नवंबर को जापान में भूकंप महसूस किया गया था। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, 26 नवंबर 2024 को जापान के उत्तर-मध्य क्षेत्र नोटो प्रायद्वीप में रात लगभग 10.47 बजे 10 किमी की गहराई पर 6.4 तीव्रता का भूकंप आया। हालांकि, सुनामी का खतरा नहीं था। इसमें किसी के घायल होने या नुकसान की कोई खबर नहीं थी। बता दें कि पृथ्वी के अंदर टेक्टोनिक प्लेटें मौजूद रहती हैं। ये प्लेट्स अपनी जगह से खिसकती हैं तो भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं। अगर भूकंप की तीव्रता ज्यादा होती है तो इसके झटके काफी दूर तक महसूस किए जाते हैं।
