ठंड का यू-टर्न, बारिश के साथ आंधी, बिजली गरजने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना

नई दिल्ली।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) नॉर्थ-ईस्ट असम और उसके आस-पास एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके कारण मौसम का मिजाज बदल सकता है। इसके अलावा, एक नया पश्चिमी विक्षोभ 9 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में प्रभाव डालने की संभावना है। यह पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के उत्तर में स्थित चक्रवाती परिसंचरण है, जो समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर ऊपर और लगभग 72°E देशांतर से उत्तर में 30°N अक्षांश के आस-पास एक टर्फ के साथ है। यह विक्षोभ अब पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में स्थानांतरित हो गया है।

आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
अगले 24 घंटों में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, विदर्भ, राजस्थान, गुजरात और उत्तर महाराष्ट्र में उत्तर-पश्चिम दिशा से तेज हवाएं चलती रहेंगी और इसके बाद वे धीरे-धीरे कम हो जाएंगी। पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। लक्षद्वीप और केरल में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। राजस्थान और गुजरात में अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में और गिरावट हो सकती है।

बिहार में आंधी का अलर्ट
बिहार में बारिश के साथ आंधी, बिजली गरजने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 7 और 8 मार्च को गंगा से सटे पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।